खुरई। प्रेम, भाईचारे के पर्व होली की धूम शहर में चहुंओर दिखाई दी। होलिका दहन के दूसरे दिन धुरेड़ी पर रंग व गुलाल से लोग सराबोर नजर आए। इस पर्व पर छोटे बड़े सभी ने एक दूसरे को गुलाल का तिलक लगाकर अपने से बड़ों का आशीर्वाद लेकर प्रेम के साथ गले मिलकर रंगों का भरपूर आनंद लिया और जमकर होली खेली। धुरेड़ी के दिन कुछ जगह रंग के साथ पानी व कीचड़ होली खेलते लोग नजर आए। नगर के प्रमुख चौराहों सहित मोहल्लों में लोग होली के गीत बजाकर नृत्य कर रंग खेल खुशियां मनाते देखे गए।
होली का जमकर आनंद महिलाओं व बच्चों द्वारा उठाया गया, रंग खेलने में महिलाएं भी पीछे नहीं रही।
जगह-जगह रही पुलिस : पर्व के दौरान कोई हुड़दंग न हो और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने होलिका दहन के दिन से पुलिस शहर के प्रमुख चौक-चौराहों व कॉलोनियों में तैनात रही। इसके अलावा मोबाइल दल व 100 डायल ने भी नगर का गश्त किया।
ग्रामीण अंचलों में रही धूम : होली पर्व की धूम ग्रामीण अंचलों में भी देखी गई। सुबह से ही गांव में लोग रंग गुलाल खेलते दिखाई दिए। यह नजारा दूसरे दिन भी देखा गया। आम नागरिकों के साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी होली का आनंद उठाया।
previous post