Advertisement

महाकाल भस्म आरती के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा, गुजरात से आई श्रद्धालुओं से 42 हजार की ठगी, नंदी हॉल में बैठाने का दिया था झांसा

mahakal bhasm aarti booking scam

उज्जैन। Mahakal Bhasma Aarti Booking Scam: बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार गुजरात के वडोदरा से दर्शन करने आई दो महिलाओं को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया गया। आरोपी ने खुद को भस्म आरती बुकिंग कराने वाला व्यक्ति बताकर पहले बुकिंग और फिर “प्रोटोकॉल” के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 42 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

मामले का खुलासा तब हुआ जब महिलाओं को महाकाल मंदिर पहुंचने पर पता चला कि उनकी कोई बुकिंग ही नहीं हुई है। इसके बाद पीड़ित महिलाएं थाना महाकाल पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वडोदरा निवासी वीणा धनेरिया अपनी दोस्त अल्पना पटेल के साथ महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती दर्शन के लिए उज्जैन आई थीं। भस्म आरती बुकिंग के लिए उन्होंने गूगल पर सर्च किया, जहां उन्हें दीपक मिश्रा नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला।

फोन पर आरोपी ने महिलाओं को भरोसे में लेते हुए भस्म आरती बुकिंग और नंदी हाल में बैठाने की बात कही। इसके बदले उसने पहले 11 हजार 500 रुपये और आधार कार्ड की कॉपी मांगी। रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपी ने “प्रोटोकॉल” और “सेव मनी” का हवाला देकर बार-बार पैसे मंगवाए। आरोपी ने महिलाओं से अलग-अलग समय पर कुल 42 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। बाद में उसने यह कहकर मामला टालने की कोशिश की कि बुकिंग नहीं हो पाई है और पैसे रिफंड कर दिए जाएंगे।

महिलाओं ने जब महाकाल मंदिर प्रशासन से संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि भस्म आरती की कोई बुकिंग दर्ज ही नहीं है। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। पीड़ित महिलाओं ने थाना महाकाल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 173/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।

थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि बाबा महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु उज्जैन आते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस लगातार सतर्क रहती है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही थाना महाकाल पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का नाम दीपक मिश्रा सामने आया है। पुलिस के पास आरोपी का मोबाइल नंबर और ट्रांजैक्शन आईडी सहित कई महत्वपूर्ण जानकारी मौजूद हैं।

थाना प्रभारी के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि महाकाल दर्शन और भस्म आरती के नाम पर ठगी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। कुछ समय पहले आशुतोष शर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ भी श्रद्धालुओं से दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत दर्ज हुई थी।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भस्म आरती या दर्शन से जुड़ी किसी भी बुकिंग के लिए केवल अधिकृत और आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें तथा सोशल मीडिया या गूगल पर मिले अनजान नंबरों पर पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *