Advertisement
whatsapp image 2026 05 18 at 21.30.29

जीएसआर अधिसूचनाओं के विरोध में 20 मई को जिलेभर की दवा दुकानें रहेंगी बंद


ऑनलाइन दवा बिक्री और नकली दवाओं के खतरे को लेकर औषधि विक्रेताओं का आंदोलन, आपातकालीन सेवाओं के लिए कुछ दुकानें रहेंगी संचालित

जेके निजाम अंसारी
सुदर्शन टुडे, ब्यूरो चीफ

बलरामपुर। केंद्र सरकार द्वारा जारी जीएसआर अधिसूचनाओं के विरोध में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के औषधि विक्रेताओं ने 20 मई को जिलेभर की दवा दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। यह बंद देशव्यापी आंदोलन के तहत किया जा रहा है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान तथा छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (CCDA) के निर्देश पर जिले के सभी दवा व्यवसायी आंदोलन में शामिल होंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी छूट की व्यवस्था के कारण नकली दवाओं का खतरा बढ़ रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय दवा दुकानों में पंजीकृत एवं अनुभवी फार्मासिस्ट मरीजों को उचित सलाह और मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, जबकि ऑनलाइन दवा खरीद में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होती। इसके अलावा एआई आधारित फर्जी प्रिसक्रिप्शन के माध्यम से नशे एवं साइकोट्रॉपिक दवाइयों की खरीद की आशंका भी बढ़ रही है, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने का खतरा उत्पन्न हो सकता है।

संघ के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने आरोप लगाया कि GSR 817(E) और GSR 220(E) जैसी अधिसूचनाओं का दुरुपयोग कर अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनका कहना था कि स्थानीय दुकानों में दवाओं का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है तथा समय-समय पर ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा गुणवत्ता की जांच की जाती है, जबकि ऑनलाइन बिक्री में ऐसी निगरानी सीमित रहती है।

संघ के लीगल एडवाइजर देवेंद्र उपाध्याय ने बताया कि 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। हालांकि आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक मुख्यालयों में कुछ दुकानों को चिन्हित किया गया है, जहां आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

वहीं संघ के जनसंपर्क अधिकारी उल्लास सोनी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी आवश्यक दवाइयों की खरीद 19 मई तक कर लें तथा 20 मई के बंद को सफल बनाने में सहयोग करें।

प्रेस वार्ता में लीगल एडवाइजर देवेंद्र उपाध्याय, जनसंपर्क अधिकारी उल्लास सोनी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता सहित संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।