जिला ब्यूरो चीफ रामेशवर लक्षणे
बैतूल। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का 19 वें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। कर्मचारियों ने धरना स्थल पर कुंभकरण के पुतले के सामने ढोल मंजिरे बजाकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि अब तो जागो सरकार और उनकी मांगे पूरी करो। लगातार धरना प्रदर्शन के बावजूद संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार की तरफ से अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। कर्मचारी भी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन पर डटे है। सोमवार को धरना प्रदर्शन के 19 वें दिन कर्मचारियों ने कुंभकरण का पुतला बनाया और उसे लीटा दिया। कर्मचारियों ने पुतले के पास जोर-शोर से ढोल और मंजिरे बजाकर कुंभकरण को जगाते रहे। कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश सरकार भी कुंभकरण की निंद्रा में सोई हुई है। अभी तक मांगे पूरी नहीं की है। सरकार को जगाने के लिए कर्मचारी धरना प्रदर्शन कर रहे है। जब तक मांगे पूरी नहीं होती धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। इधर हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं लडख़ड़ा गई है। नियमित कर्मचारियों के कंधे पर अतिरिक्त बोझ आ गया है। कर्मचारियों की मांग है कि उन्हें नियमित किया जाए और संविदा नीति खत्म करें। जिन संविदा कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है उन्हें वापस लिया जाए। इन दो प्रमुख मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन जारी है।