अरुण गर्ग – ब्यूरो चीफ सुदर्शन टुडे
सतना। रामपुर बघेलान तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग ने सघन स्वास्थ्य सर्वेक्षण एवं उपचार अभियान चलाकर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई। कलेक्टर के निर्देशन एवं सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला के मार्गदर्शन में टीमों ने घर-घर पहुंचकर 1,065 घरों का सर्वे और 6,777 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान 436 मरीजों का उपचार किया गया तथा पेयजल को सुरक्षित रखने के लिए 62 कुओं का क्लोरीनेशन कराया गया। आशा, आशा सहयोगिनी, एएनएम, सीएचओ और सेक्टर सुपरवाइजर ने मैदानी स्तर पर सर्वे एवं स्वास्थ्य परीक्षण की जिम्मेदारी संभाली।
अभियान सीएचसी कोटर के प्रभारी डॉ. सर्वेश सिंह के प्रयास एवं बीएमओ डॉ. राघवेंद्र गुर्जर की निगरानी में संचालित किया गया। स्वास्थ्य टीमों ने गढ़वा खुर्द, खम्हा, घुँचिहाई, रहुँटा, मालगांव, कोरीगवा, खमहरिया, करमाऊ, बैरिहा, रामनगर, मटियाटोला, बर्दाडीह और जनार्दनपुर सहित प्रभावित गांवों में पहुंचकर उपचार, दवा एवं स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया। सर्वेक्षण में कोई गंभीर बीमारी या महामारी जैसी स्थिति सामने नहीं आई। विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी जारी रखते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।









