

राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक एवं सम्मान समारोह संपन्न, 5-6 सितंबर को उज्जैन में होगा राष्ट्रीय अधिवेशन
रवि साहू, भोपाल।
भोपाल। राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन (दिल्ली) की मध्यप्रदेश प्रदेश कार्यकारिणी बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन शुक्रवार को भोपाल स्थित संस्कार मैरिज गार्डन, करोंद में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देशभर से आए राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर संगठन के विस्तार, सामाजिक एकता, युवाओं के नेतृत्व विकास, डिजिटल सशक्तिकरण तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन आज देश के लगभग 22 से 23 राज्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। संगठन का उद्देश्य समाज को संगठित करना, युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना तथा सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में समाज की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी का विस्तार शीघ्र किया जाएगा और आने वाले समय में संगठन को देशव्यापी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घोषणा की कि राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन 5 एवं 6 सितंबर 2026 को महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश के मध्य में स्थित होने के कारण पूरे देश से समाजजनों की सहभागिता आसानी से हो सकेगी।
आपसी मतभेद भुलाकर समाज को करें मजबूत
मुरारी गुप्ता ने सभी पदाधिकारियों एवं समाजजनों से आह्वान किया कि वे व्यक्तिगत मतभेदों और मनमुटाव को भुलाकर संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गांव, ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार किया जा रहा है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक संगठन की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
राजनीतिक भागीदारी पर उठाए सवाल
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि साहू समाज का बड़ा वर्ग वर्षों से भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करता रहा है, लेकिन समाज को संगठन और सरकार में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिला। उन्होंने कहा कि समाज की जनसंख्या के अनुरूप राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश नेतृत्व से साहू समाज को मंत्रिमंडल और संगठन में उचित स्थान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि समाज की लगातार उपेक्षा होती रही तो समाज अपने राजनीतिक विकल्पों पर विचार करने के लिए स्वतंत्र होगा।
डिजिटल युग में संगठन को नई दिशा
बैठक के दौरान संगठन की डिजिटल कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समाज को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, युवाओं को डिजिटल माध्यम से संगठन से जोड़ने तथा संगठन की गतिविधियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया तथा संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया गया।
समाज को संगठित करने का लिया संकल्प
बैठक के समापन पर सभी पदाधिकारियों ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, समाज में शिक्षा, रोजगार, युवा नेतृत्व, सामाजिक समरसता और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का सम्मान किया गया।
राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च
www.rtsm.in के माध्यम से देशभर के समाजजनों को मिलेगी संगठन की हर गतिविधि की जानकारी, डिजिटल विस्तार की दिशा में ऐतिहासिक पहल
भोपाल। राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन ने डिजिटल युग की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.rtsm.in का विधिवत शुभारंभ किया। वेबसाइट का लोकार्पण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता ने प्रदेश कार्यकारिणी बैठक एवं सम्मान समारोह के दौरान किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे संगठन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब समाज के लोगों को संगठन से जुड़ी सभी जानकारियां एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध होंगी।
देशभर में डिजिटल विस्तार का बनेगा मजबूत माध्यम
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता ने कहा कि आज के समय में किसी भी संगठन की मजबूती के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण भूमिका है। वेबसाइट के माध्यम से संगठन की राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला एवं स्थानीय इकाइयों की गतिविधियां, कार्यक्रम, सदस्यता अभियान, सामाजिक योजनाएं, समाचार, महत्वपूर्ण सूचनाएं और आगामी आयोजनों की जानकारी देशभर के समाजजनों तक सहजता से पहुंचेगी।
आईटी सेल संभालेगा डिजिटल प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी
कार्यक्रम में आईटी सेल द्वारा वेबसाइट की कार्यप्रणाली एवं भविष्य की डिजिटल कार्ययोजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि संगठन का आईटी सेल पूरे देश में डिजिटल प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया प्रबंधन, वेबसाइट संचालन तथा ऑनलाइन सदस्यता अभियान को गति देगा।
प्रचार सामग्री का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान संगठन के आईडी कार्ड, लेनयार्ड (डोरी कार्ड), कार स्टिकर, बाइक स्टिकर, प्रचार स्टिकर, फ्लेक्स डिज़ाइन, बैनर, डिजिटल पोस्टर एवं अन्य प्रचार-प्रसार सामग्री का विमोचन किया गया। इन सामग्रियों का उपयोग संगठन की विभिन्न इकाइयों द्वारा देशभर में किया जाएगा।
समाज को मिलेगी हर जानकारी एक क्लिक पर
वेबसाइट www.rtsm.in के माध्यम से समाज के लोगों को संगठन की सदस्यता, पदाधिकारियों की जानकारी, राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर की गतिविधियां, कार्यक्रमों की फोटो-वीडियो गैलरी, समाचार, प्रेस विज्ञप्तियां तथा भविष्य में ऑनलाइन सेवाओं का लाभ भी मिलेगा।
डिजिटल भारत के अनुरूप संगठन का नया अभियान
राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी गुप्ता ने कहा कि संगठन अब पारंपरिक सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वेबसाइट एवं आईटी सेल के माध्यम से संगठन की पहुंच देश के अंतिम व्यक्ति तक होगी और समाज के युवाओं को भी संगठन से जोड़ने में नई ऊर्जा मिलेगी।































































उज्जैन। राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन, दिल्ली द्वारा संगठन के विस्तार और समाजसेवा गतिविधियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अशोक साहू (उज्जैन) को जिला अध्यक्ष, उज्जैन के पद पर मनोनीत किया गया है। संगठन की ओर से जारी मनोनयन पत्र में उनके समाजसेवा, निष्ठा, नेतृत्व क्षमता, उदारता एवं समाज के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया है कि अशोक साहू महासंगठन की विचारधारा, सिद्धांतों और उद्देश्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा समाजहित और राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरारी एच. गुप्ता, राष्ट्रीय महामंत्री रामललित गुप्ता, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष मंजू साहू, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अशोक साहू सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की है। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में उज्जैन जिले में समाज को संगठित करने और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।




समाज की एकता, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा

रवि यशवंत साहू
भोपाल/नई दिल्ली। राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन, दिल्ली द्वारा वर्ष 2026 के लिए राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन करते हुए विभिन्न राज्यों के समाजसेवियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष साहू मुरारी एच. गुप्ता द्वारा जारी सूची में देश के विभिन्न राज्यों से अनुभवी एवं समाजहित में सक्रिय व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय दायित्व प्रदान किए गए हैं।
संगठन द्वारा जारी नियुक्ति सूची के अनुसार यह नई राष्ट्रीय कार्यसमिति समाज में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, संगठनात्मक मजबूती, युवा सशक्तिकरण, महिला उत्थान तथा सामाजिक समरसता के लिए कार्य करेगी। राष्ट्रीय स्तर पर गठित इस टीम में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली और आंध्र प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष साहू मुरारी एच. गुप्ता ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज को एक सूत्र में जोड़ना, नई पीढ़ी को शिक्षा और रोजगार से जोड़ना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए योजनाबद्ध कार्य करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदाधिकारी संगठन की गरिमा को बढ़ाते हुए समाजहित में उल्लेखनीय कार्य करेंगे।

राष्ट्रीय कार्यसमिति 2026 के पदाधिकारी
राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष
श्री किशोर साहू जी (भोपाल, मध्य प्रदेश)
राष्ट्रीय महामंत्री
श्री रामललित गुप्ता जी (अंकलेश्वर, गुजरात)
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
श्री चंद्रिका प्रसाद साहू जी (प्रयागराज, उत्तर प्रदेश)
श्री जय किशन साहू जी (गाजीपुर, उत्तर प्रदेश)
श्री तहसीलदार गुप्ता जी (वापी, गुजरात)
श्री मुरली मनोहर आजाद जी (नवादा, बिहार)
राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन)
श्री त्रिवेणी प्रसाद साहू जी (सिंगरौली, मध्य प्रदेश)
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
श्री गोपाल सुखराय जी (नेल्लोर, आंध्र प्रदेश)
श्री चंदन साहू जी (नर्मदापुरम, मध्य प्रदेश)
श्री साहू देव कुमार जी (वाराणसी, उत्तर प्रदेश)
श्री विलास त्रिवेकर जी (मुंबई, महाराष्ट्र)
श्री हर्षभान साहू जी (झांसी, उत्तर प्रदेश)
श्री सुरेंद्र साहू जी (सोनिया विहार, दिल्ली)
राष्ट्रीय अपर महामंत्री
श्री प्रवीण नरवरिया जी (उदयपुर, राजस्थान)
श्री संजय साहू जी (जबलपुर, मध्य प्रदेश)
श्री राजेश साहू जी (झांसी, उत्तर प्रदेश)
राष्ट्रीय संगठन मंत्री
श्री गिरीश साहू जी (गांगीवाड़ा, मध्य प्रदेश)
श्री गोवर्धन गुप्ता जी (नागदा, मध्य प्रदेश)
श्री जितेंद्र कुमार जी (बोधगया, बिहार)
राष्ट्रीय प्रवक्ता
डॉ. महेंद्र गुप्ता जी (रोहिणी, दिल्ली)
श्री गौरव सेठ जी (नर्मदापुरम, मध्य प्रदेश)
श्री रामकृष्ण गुप्ता जी (नवी मुंबई, महाराष्ट्र)
राष्ट्रीय प्रचार मंत्री
श्री मोहनलाल साहू जी (झालावाड़, राजस्थान)
श्री महेश जी नायक (बैतूल, मध्य प्रदेश)
राष्ट्रीय मंत्री
श्री सोनू साहू जी (छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश)
संगठन को मिलेगी नई ऊर्जा
राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की नवगठित कार्यसमिति में अनुभवी समाजसेवियों, शिक्षाविदों, युवाओं और संगठनकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर संगठन ने भविष्य की मजबूत कार्ययोजना का संकेत दिया है। समाज के वरिष्ठजनों का मानना है कि यह टीम राष्ट्रीय स्तर पर समाज को संगठित करने, शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल करने, प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को नेतृत्व के अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
संगठन के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल की कामना की है।

सारंगपुर/सुदर्शन टुडे (गोपाल राठौर)। अखिल भारतीय वाल्मीकि महापंचायत में संगठन विस्तार के तहत महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। संस्थापक एवं राष्ट्रीय महासचिव चौधरी सुरेंद्र कुमार लोहट तथा राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी राहुल निन्धाने द्वारा चर्चा उपरांत प्रदेश अध्यक्ष नवीन पारछै के निर्देशानुसार श्री गोलू वाल्मीकि को युवा प्रकोष्ठ का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है।
गोलू वाल्मीकि की नियुक्ति के बाद समाजजनों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का वातावरण देखा जा रहा है। समाज के लोगों ने इस नियुक्ति को संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री गोलू वाल्मीकि को बधाई एवं शुभकामनाएं देने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष पंकज पालीवाल, महेश पुष्पद, दीपक बैरागी, योगेश सांगते, नीलेश वर्मा, अक्षय सक्सेना, कुलदीप राठौर, आकाश शर्मा, प्रेम शर्मा एवं विनोद पुष्पद सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल रहे।
समाजजनों ने उम्मीद जताई है कि गोलू वाल्मीकि अपने नए दायित्व का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत करने एवं समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लोकायुक्त की टीम ने जिला शिक्षा केंद्र धार के जिला परियोजना समन्वयक प्रदीप कुमार खरे को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी स्कूलों में निर्माणाधीन शौचालयों के काम करने से पहले प्रमाण पत्र पर साइन करने के बदले लाखों रुपए की कमीशन की मांग की।
17 लाख रुपए की मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, समग्र शिक्षा अभियान के तहत धार जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में 122 शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इस पूरी परियोजना के लिए शासन द्वारा लगभग 3 करोड़ 42 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। इन निर्माण कार्यों का सुपरविजन जिला शिक्षा केंद्र धार में पदस्थ प्रभारी सहायक यंत्री दिलीप साधव कर रहा है।
आरोप है कि इन शौचालयों का निर्माण कार्य अभी चल ही रहा था, लेकिन DPC प्रदीप कुमार खरे ने कार्य पूर्ण प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर करने के एवज में कुल स्वीकृत राशि का 5 प्रतिशत यानी 17 लाख बतौर रिश्वत की मांग की थी।
पहली किश्त लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा
परेशान होकर प्रभारी सहायक यंत्री दिलीप साधव ने इसकी लिखित शिकायत लोकायुक्त कार्यालय इंदौर के पुलिस अधीक्षक (SP) राजेश सहाय से की। लोकायुक्त टीम ने जब गुप्त रूप से शिकायत का सत्यापन कराया, तो रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई। इसके बाद आज एक विशेष ट्रैप दल का गठन किया गया। योजना के मुताबिक, जैसे ही आवेदक दिलीप साधव रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपए लेकर जिला शिक्षा केंद्र कार्यालय पहुंचे और आरोपी प्रदीप कुमार खरे को पैसे सौंपे, तभी पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
लोकायुक्त टीम को देखकर कार्यालय में हड़कंप मच गया।भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्जकार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए लोकायुक्त इंस्पेक्टर सचिन पटेरिया ने बताया कि आरोपी DPC प्रदीप कुमार खरे के खिलाफ ‘भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018’ की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। लोकायुक्त की टीम आरोपी के खिलाफ वैधानिक और दस्तावेजी कार्रवाई में जुटी हुई है। निर्माण कार्यों में इस तरह की मोटी कमीशनखोरी उजागर होने के बाद अब विभाग के अन्य अधिकारी भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।

उज्जैन। Mahakal Bhasma Aarti Booking Scam: बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार गुजरात के वडोदरा से दर्शन करने आई दो महिलाओं को ऑनलाइन ठगी का शिकार बनाया गया। आरोपी ने खुद को भस्म आरती बुकिंग कराने वाला व्यक्ति बताकर पहले बुकिंग और फिर “प्रोटोकॉल” के नाम पर अलग-अलग किश्तों में कुल 42 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब महिलाओं को महाकाल मंदिर पहुंचने पर पता चला कि उनकी कोई बुकिंग ही नहीं हुई है। इसके बाद पीड़ित महिलाएं थाना महाकाल पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वडोदरा निवासी वीणा धनेरिया अपनी दोस्त अल्पना पटेल के साथ महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती दर्शन के लिए उज्जैन आई थीं। भस्म आरती बुकिंग के लिए उन्होंने गूगल पर सर्च किया, जहां उन्हें दीपक मिश्रा नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला।
फोन पर आरोपी ने महिलाओं को भरोसे में लेते हुए भस्म आरती बुकिंग और नंदी हाल में बैठाने की बात कही। इसके बदले उसने पहले 11 हजार 500 रुपये और आधार कार्ड की कॉपी मांगी। रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपी ने “प्रोटोकॉल” और “सेव मनी” का हवाला देकर बार-बार पैसे मंगवाए। आरोपी ने महिलाओं से अलग-अलग समय पर कुल 42 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। बाद में उसने यह कहकर मामला टालने की कोशिश की कि बुकिंग नहीं हो पाई है और पैसे रिफंड कर दिए जाएंगे।
महिलाओं ने जब महाकाल मंदिर प्रशासन से संपर्क किया तो उन्हें पता चला कि भस्म आरती की कोई बुकिंग दर्ज ही नहीं है। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। पीड़ित महिलाओं ने थाना महाकाल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 173/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि बाबा महाकाल के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु उज्जैन आते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस लगातार सतर्क रहती है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही थाना महाकाल पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में आरोपी का नाम दीपक मिश्रा सामने आया है। पुलिस के पास आरोपी का मोबाइल नंबर और ट्रांजैक्शन आईडी सहित कई महत्वपूर्ण जानकारी मौजूद हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि महाकाल दर्शन और भस्म आरती के नाम पर ठगी के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। कुछ समय पहले आशुतोष शर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ भी श्रद्धालुओं से दर्शन कराने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत दर्ज हुई थी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भस्म आरती या दर्शन से जुड़ी किसी भी बुकिंग के लिए केवल अधिकृत और आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें तथा सोशल मीडिया या गूगल पर मिले अनजान नंबरों पर पैसे ट्रांसफर करने से बचें।

कम खर्च, ज्यादा माइलेज और कच्चे रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन से ग्रामीण इलाकों की पहली पसंद बनीं 100cc–125cc मोटरसाइकिलें
पेट्रोल की बढ़ती कीमतों ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के मासिक बजट पर असर डालना शुरू कर दिया है। ऐसे में अब लोग ऐसी मोटरसाइकिलों की तलाश कर रहे हैं जो कम ईंधन में ज्यादा दूरी तय करें और गांव की ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर भी बेहतर प्रदर्शन दें। ग्रामीण जरूरतों को देखते हुए 100cc से 125cc सेगमेंट की बाइक्स सबसे उपयोगी विकल्प मानी जा रही हैं।
इन बाइक्स में बेहतर माइलेज के साथ मजबूत सस्पेंशन, अधिक ग्राउंड क्लीयरेंस और आसान मेंटेनेंस जैसी खूबियां मिलती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कच्चे और गड्ढों वाले रास्तों के लिए स्पोक व्हील वाली बाइक्स अभी भी अधिक टिकाऊ मानी जाती हैं। वहीं नई बाइक खरीदते समय E20 फ्यूल कम्पैटिबिलिटी जरूर जांचना चाहिए, क्योंकि अब अधिकांश पेट्रोल पंपों पर इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल उपलब्ध है।
| मॉडल | अनुमानित कीमत | माइलेज |
|---|---|---|
| हीरो स्प्लेंडर प्लस | ₹76 हजार के आसपास | 68–70 kmpl |
| बजाज प्लेटिना 100 | ₹71 हजार के आसपास | 70–72 kmpl |
| टीवीएस स्पोर्ट | ₹69 हजार के आसपास | लगभग 70 kmpl |
| होंडा शाइन 100 | ₹66 हजार के आसपास | 65–67 kmpl |
| हीरो HF डीलक्स | ₹70 हजार के आसपास | 65–70 kmpl |
Splendor और HF डीलक्स जैसी बाइक्स ग्रामीण इलाकों में मजबूत सर्विस नेटवर्क के कारण काफी लोकप्रिय हैं। हाल के बिक्री आंकड़ों में भी स्प्लेंडर और HF डीलक्स की मजबूत मांग देखने को मिली है।
बजाज प्लेटिना अपने आरामदायक सस्पेंशन के कारण कच्चे रास्तों पर बेहतर अनुभव देती है, जबकि टीवीएस स्पोर्ट माइलेज के मामले में मजबूत दावेदार मानी जाती है। दूसरी ओर होंडा शाइन 100 कम बजट वाले खरीदारों के लिए भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरी है। कम्यूटर बाइक्स की कीमतें 80 हजार रुपये से नीचे होने के कारण इनकी मांग लगातार बनी हुई है।
इन बाइक्स की EMI आमतौर पर करीब दो हजार रुपये प्रतिमाह से शुरू हो जाती है और सबसे बड़ी बात यह है कि गांवों के स्थानीय मैकेनिक भी बिना विशेष उपकरणों के इनकी मरम्मत आसानी से कर लेते हैं।

ऑनलाइन दवा बिक्री और नकली दवाओं के खतरे को लेकर औषधि विक्रेताओं का आंदोलन, आपातकालीन सेवाओं के लिए कुछ दुकानें रहेंगी संचालित
जेके निजाम अंसारी
सुदर्शन टुडे, ब्यूरो चीफ
बलरामपुर। केंद्र सरकार द्वारा जारी जीएसआर अधिसूचनाओं के विरोध में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के औषधि विक्रेताओं ने 20 मई को जिलेभर की दवा दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया है। यह बंद देशव्यापी आंदोलन के तहत किया जा रहा है। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान तथा छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन (CCDA) के निर्देश पर जिले के सभी दवा व्यवसायी आंदोलन में शामिल होंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला औषधि विक्रेता संघ के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यह आंदोलन केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी छूट की व्यवस्था के कारण नकली दवाओं का खतरा बढ़ रहा है, जिससे लोगों की सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय दवा दुकानों में पंजीकृत एवं अनुभवी फार्मासिस्ट मरीजों को उचित सलाह और मार्गदर्शन प्रदान करते हैं, जबकि ऑनलाइन दवा खरीद में यह सुविधा उपलब्ध नहीं होती। इसके अलावा एआई आधारित फर्जी प्रिसक्रिप्शन के माध्यम से नशे एवं साइकोट्रॉपिक दवाइयों की खरीद की आशंका भी बढ़ रही है, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ने का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
संघ के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने आरोप लगाया कि GSR 817(E) और GSR 220(E) जैसी अधिसूचनाओं का दुरुपयोग कर अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनका कहना था कि स्थानीय दुकानों में दवाओं का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता है तथा समय-समय पर ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा गुणवत्ता की जांच की जाती है, जबकि ऑनलाइन बिक्री में ऐसी निगरानी सीमित रहती है।
संघ के लीगल एडवाइजर देवेंद्र उपाध्याय ने बताया कि 20 मई को जिले की सभी दवा दुकानें बंद रहेंगी। हालांकि आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक मुख्यालयों में कुछ दुकानों को चिन्हित किया गया है, जहां आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वहीं संघ के जनसंपर्क अधिकारी उल्लास सोनी ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी आवश्यक दवाइयों की खरीद 19 मई तक कर लें तथा 20 मई के बंद को सफल बनाने में सहयोग करें।
प्रेस वार्ता में लीगल एडवाइजर देवेंद्र उपाध्याय, जनसंपर्क अधिकारी उल्लास सोनी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हिमांशु गुप्ता सहित संघ के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

जगद्गुरु रामभद्राचार्य बोले – “सनातन कभी नहीं मिटेगा, उसे मिटाने वाले ही मिट जाएंगे”
रिपोटर — रितु गिरी
चिरमिरी। लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम, गोदरीपारा में आयोजित भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ ऐतिहासिक कलश यात्रा के साथ श्रद्धा, आस्था और भक्ति भाव के वातावरण में हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंग गया।
कथा व्यासपीठ से पद्मविभूषित जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सनातन धर्म की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि “सनातन धर्म कभी समाप्त नहीं होगा, बल्कि उसे मिटाने का प्रयास करने वाले स्वयं समाप्त हो जाएंगे।”
अपने प्रवचन में उन्होंने सत्संग, संत सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को दूसरों के साथ वही व्यवहार करना चाहिए, जिसकी अपेक्षा वह स्वयं अपने लिए करता है। उन्होंने मानवता, सद्भाव और धर्म के मूल सिद्धांतों को जीवन में अपनाने पर बल दिया।

जापानी कार निर्माता Honda ने आधिकारिक तौर पर 2028 में भारतीय बाज़ार के लिए एक नई सब-4-मीटर SUV लॉन्च करने की योजना की पुष्टि की है। यह देश के सबसे प्रतिस्पर्धी और सबसे तेज़ी से बढ़ते वाहन सेगमेंट में से एक में ब्रांड की वापसी का प्रतीक होगा। उम्मीद है कि आने वाली SUV, Maruti Suzuki Brezza, Tata Nexon, Hyundai Venue और अन्य जैसे स्थापित प्रतिद्वंद्वियों से मुकाबला करेगी।
यह घोषणा Honda की नवीनतम वैश्विक व्यापार ब्रीफिंग के दौरान की गई, जहाँ कंपनी ने भारतीय बाज़ार के लिए अपनी भविष्य की रणनीति की भी रूपरेखा प्रस्तुत की।
कॉम्पैक्ट SUV क्षेत्र में Honda की फिर से एंट्री, 2023 में Honda WR-V के बंद होने के लगभग पाँच साल बाद होगी। WR-V को अंततः कड़े उत्सर्जन नियमों के कारण बंद कर दिया गया था। तब से इस सेगमेंट में काफी वृद्धि हुई है, जिसमें निर्माता लगातार नई सुविधाएँ, पावरट्रेन विकल्प और तकनीकी उन्नयन पेश कर रहे हैं।
Honda की वर्तमान में आम लोगों के लिए यात्री वाहन क्षेत्र में सीमित उपस्थिति है, जिसमें Amaze इसकी एकमात्र सब-4-मीटर पेशकश है।
Honda ने कहा कि वह 2028 तक दो प्रमुख श्रेणियों में नए मॉडल लॉन्च करेगी: सब-4-मीटर वाहन और मिड-साइज़ सेगमेंट। कंपनी उन खरीदारों को लक्षित करके अपने ग्राहक आधार का विस्तार करने का भी लक्ष्य रख रही है जो मोटरसाइकिलों से कारों में अपग्रेड कर रहे हैं। Honda वर्तमान में भारत में सालाना लगभग छह मिलियन (60 लाख) मोटरसाइकिलें बेचती है और 2028 तक अपनी दोपहिया उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर लगभग आठ मिलियन (80 लाख) यूनिट करने की योजना बना रही है।
Honda की नई सब-4-मीटर SUV: क्या उम्मीद करें
हालाँकि Honda ने अभी तक आने वाली SUV के विस्तृत स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा नहीं किया है, लेकिन उम्मीद है कि यह नया मॉडल ब्रांड की भारतीय लाइनअप में Honda Elevate से नीचे रहेगा।
इंजन की बात करें तो, Honda उसी जाने-पहचाने 1.2-लीटर NA पेट्रोल इंजन का उपयोग कर सकती है जो वर्तमान में Honda Amaze के साथ पेश किया जाता है। हालाँकि, प्रतिद्वंद्वियों द्वारा पहले से ही टर्बो-पेट्रोल, CNG और कई ट्रांसमिशन विकल्प पेश किए जाने के कारण, Honda भारत में अपना 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन लाने पर भी विचार कर सकती है। यह इंजन पहले से ही कुछ अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में Honda City और City Hatchback के साथ उपलब्ध है। 2028 में जब तक यह SUV आएगी, तब तक हाइब्रिड विकल्पों से भी इनकार नहीं किया जा सकता।