दा नेशनल पावर ग्रुप की बैठक में दिनेश श्रीवास्तव अध्यक्ष और रूपेश कुशवाह उपाध्यक्ष नियुक्त
जीतेन्द्र शर्मा बैरसिया बैरसिया। नवरात्रि पर्व के अवसर पर बैरसिया से मां हरसिद्धि मंदिर तरावली तक आयोजित होने वाली चुनरी यात्रा और मां के दरबार में भंडारे की तैयारियों को लेकर दा नेशनल पावर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जयनारायण बैरागी की मौजूदगी में संरक्षक मंडल सहित ग्रुप से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया।बैठक में चुनरी यात्रा एवं भंडारा आयोजन को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सर्वसम्मति से दिनेश श्रीवास्तव को अध्यक्ष तथा रूपेश कुशवाह को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने नवनियुक्त अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का पुष्पहार से स्वागत कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। 17 वर्षों से जारी है चुनरी यात्रा और भंडारे की परंपरा दा नेशनल पावर ग्रुप पिछले 17 वर्षों से बैरसिया से मां हरसिद्धि मंदिर तरावली तक चुनरी यात्रा का आयोजन करता आ रहा है। नवरात्रि के दौरान श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ मां के दरबार तक चुनरी लेकर पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और जनभागीदारी का प्रतीक बन चुका है। हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग इस सेवा और धार्मिक यात्रा से जुड़ते हैं। एक रोटी गाय के नाम’ से गौसेवा का संदेश धार्मिक आयोजनों के साथ दा नेशनल पावर ग्रुप जनसेवा के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय है। बैरसिया में ग्रुप द्वारा ‘एक रोटी गाय के नाम’ अभियान के तहत रथ चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से घर-घर से रोटियां एकत्रित कर गौ माता को खिलाई जाती हैं।ग्रुप की इस पहल का उद्देश्य लोगों में गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और घरों में बनने वाली अतिरिक्त रोटियों को गौवंश तक पहुंचाना है। दा नेशनल पावर ग्रुप की इस योजना से प्रेरणा लेकर अब दूसरे शहरों और नगरों में भी लोगों द्वारा ‘एक रोटी गाय के नाम’ अभियान शुरू किया जा रहा है। गरीब कन्याओं के विवाह से लेकर अंतिम संस्कार तक सेवा
दा नेशनल पावर ग्रुप की गतिविधियां धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं हैं। संस्था द्वारा गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग किया जाता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए विवाह संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं में मदद पहुंचाई जाती है।इसके अलावा जरूरतमंद गरीब परिवारों के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पर लकड़ी की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की जाती है। मानव सेवा के इस कार्य के माध्यम से संस्था समाज के उन परिवारों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करती है, जो विपरीत परिस्थितियों में अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक जिम्मेदारी निभाने में सक्षम नहीं होते। जनसेवा को समर्पित है संस्था दा नेशनल पावर ग्रुप बैरसिया क्षेत्र में लगातार जनसेवा के कार्य करता चला आ रहा है। धार्मिक आयोजनों, गौसेवा, गरीब कन्याओं के विवाह और जरूरतमंदों की अंत्येष्टि व्यवस्था सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से संस्था सेवा का संदेश दे रही है।बैठक में उपस्थित सदस्यों ने नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव और उपाध्यक्ष रूपेश कुशवाह से उम्मीद जताई कि वे सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के सहयोग से चुनरी यात्रा एवं भंडारा आयोजन को सफल बनाएंगे तथा संस्था की जनसेवा गतिविधियों को और विस्तार देंगे।दा नेशनल पावर ग्रुप का उद्देश्य आस्था के साथ सेवा को जोड़ते हुए समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता की भावना को मजबूत करना है।













































































