आज लाड़ली बहनों के खातों में आएगी 40वीं किस्त

आज लाड़ली बहनों के खातों में आएगी 40वीं किस्त

सीएम डॉ. मोहन यादव आगर मालवा से सिंगल क्लिक में 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में ट्रांसफर करेंगे ₹1,835 करोड़

भोपाल। मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज रविवार का दिन खास रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा जिले के दौरे के दौरान लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त की राशि पात्र बहनों के बैंक खातों में अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 बहनों के खातों में करीब ₹1,835 करोड़ की राशि ट्रांसफर करेंगे।

आगर मालवा से होगा राशि का अंतरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को दोपहर करीब 1:40 बजे आगर मालवा पहुंचेंगे। यहीं आयोजित कार्यक्रम से वे लाड़ली बहना योजना की राशि बहनों के खातों में अंतरित करेंगे। योजना के तहत अब तक प्रदेश की बहनों के खातों में ₹65,395 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण किया जा चुका है।

226 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को सौगात

मुख्यमंत्री अपने आगर मालवा दौरे के दौरान जिले को विकास कार्यों की भी सौगात देंगे। वे ₹225.95 करोड़ लागत के 33 कार्यों का भूमि-पूजन तथा ₹28.14 करोड़ लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त के जारी होने से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलेगी। सरकार द्वारा इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *