पुराने कबाड़खाने में चल रहा था जुए का अड्डा, 24 जुआरी गिरफ्तार

पुराने कबाड़खाने में चल रहा था जुए का अड्डा, 24 जुआरी गिरफ्तार

पुलिस ने 3.30 लाख रुपए नकद, 22 मोबाइल और बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें की जब्त

भोपाल। कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। पुलिस को रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि महावीर के घर में बने पुराने कबाड़खाने में बड़ी संख्या में लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे आरोपियों को दबोच लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 3 लाख 30 हजार रुपए नकद और ताश की गड्डियां बरामद कीं। इसके अलावा आरोपियों के पास से 22 मोबाइल फोन और बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें भी मिली हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 15 से 20 लाख रुपए आंकी गई है।

बताया गया कि जुआ का यह अड्डा पुराने कबाड़खाने में संचालित किया जा रहा था, जहां देर रात बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की गई।

यह कार्रवाई ACP संतोष पटेल के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने सभी 24 आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि जुआ का यह अड्डा कितने समय से संचालित हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *