सुदर्शन टुडे, नितीश श्रीवास्तव, जिला ब्यूरो
विदिशा। गंजबासौदा नगर की मुख्य सड़कों और गलियों में खुलेआम घूम रहे बेसहारा मवेशियों की समस्या को लेकर लगातार समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा था। सड़कों पर बैठे और घूमते मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लगातार प्रकाशित खबरों और नागरिकों की परेशानी को देखते हुए आखिरकार नगर पालिका प्रशासन ने गुरुवार को कार्रवाई शुरू कर दी। नगर पालिका अध्यक्ष के निर्देश पर गुरुवार को नपा अमले ने काऊ कैचर वाहन के माध्यम से नगर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा मवेशियों को पकड़ने का अभियान चलाया। अभियान के दौरान जयस्तंभ चौक, स्टेशन रोड, बरेठ रोड, गल्ला मंडी, एसडीएम कार्यालय के सामने तथा पुरानी अनाज मंडी सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान दो दर्जन से अधिक मवेशियों को पकड़कर नजदीकी गौशाला भेजा गया।
नगर के प्रमुख मार्गों पर बड़ी संख्या में मवेशियों के बैठे रहने और घूमने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर रात के समय सड़क पर बैठे मवेशी अंधेरे के कारण वाहन चालकों को दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। कई बार तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से मवेशी भी घायल हो जाते हैं।लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नगर की सड़कों को बेसहारा मवेशियों से मुक्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद नपा अमले ने काऊ कैचर के साथ अभियान शुरू किया। नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि बेसहारा मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
नगर पालिका ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में सड़कों पर न छोड़ें। ऐसा पाए जाने पर संबंधित पशुपालक के विरुद्ध जुर्माना लगाने के साथ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाए रखना प्राथमिकता है तथा नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम आगे भी उठाए जाएंगे। कार्रवाई के बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली और नगर पालिका के इस कदम की सराहना की।















Leave a Reply