40 किलोमीटर दंडवत यात्रा कर देवपुर पहुंचेंगे दो दर्जन यात्री, सिरोंज पहुंचने पर जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
सिरोंज।देवपुर धाम स्थित भगवान विश्वनाथ के दरबार में लोगों की आस्था सिर चढ़कर बोल रही है यही कारण है कि हजारों की संख्या में श्रद्धालु पैदल एवं दंडवत यात्रा कर रहे हैं। सावन माह में प्रति सोमवार लाखों की संख्या में श्रद्धालु देवपुर धाम पहुंचकर भगवान विश्वनाथ को जलाभिषेक करते हैं। जानकारी के अनुसार 31 जुलाई से घटवार निवास दीपक रघुवंशी के नेतृत्व में दो दर्जन शिव भक्त मेहलुआ चौराहा पर ढाबा स्थित शिव मंदिर से करीब 40 किलोमिटर की दंडवत यात्रा प्रारंभ की है जो एक हफ्ते बाद रविवार को सिरोंज पहुंची। जहां कई सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने उनका पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। बीते कई वर्षों से भगवान विश्वनाथ के भक्त अलग अलग तरीके और अलग अलग संकल्प के साथ अपने अपने प्रण अनुसार कोई गाड़ी से तो कोई पैदल एवं कई शिव भक्त दंडवत यात्रा कर रहे हैं। इस अनोखी और कठिन यात्रा में भी सभी शिव भक्त भगवान शिव के जयकारों के साथ बम बम भोले जय कारे लगाते हुए चल रहे हैं। वही दीपक ने मिडिया से चर्चा करते हुए बताया कि यह उनकी दूसरी दंडवत यात्रा है। इससे पूर्व वह अकेले ही मथुरा में तीन बार दंडवत परिक्रमा कर चुके हैं। देवपुर जाने के लिए भी यह उनकी दूसरी दंडवत यात्रा है। पिछली बार एक दर्जन से अधिक लोग उनके साथ चले थे, इस बार दो दर्जन से अधिक लोग पिंड भरते हुए उनके साथ भगवान भोले के जयकारे लगाते हुए चल रहे हैं। यात्रियों का रास्ते में स्वागत सत्कार एवं जरूरी व्यवस्थाएं समाजसेवियों द्वारा भी की जा रही हैं।दिन में 12 घंटे दंडवत यात्रा रात्रि में संभालते हैं व्यवसाय -इस दंडवत परिक्रमा में चल रहे दो दर्जन दंडवत यात्रियों की व्यवस्था के लिए दीपक की पत्नी महिला कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश अध्यक्ष रिंकी रघुवंशी संभाल रही हैं। सुबह चाय, नाश्ता एवं दोनों समय भोजन सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं वह स्वयं करवाती है। भोजन के लिए साथ में ही ट्रैक्टर ट्राली के साथ अन्य जरूरी सामान साथ लेकर चल रहे हैं। वही राजकुमारी रिंकी रघुवंशी बताती है कि यात्रियों को भोजन एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए हमारी एक पूरी टीम लगी है। जिसमें चाय, नाश्ता, भोजन के साथ-साथ शाम को डॉक्टरों द्वारा घायलों एवं बीमार यात्रियों का इलाज कराया जाता है। वही उन्होंने बताया कि दीपक 12 घंटे पिंड भरने के बाद प्रतिदिन रात्रि 8 बजे अपने ढाबा मेहलुआ चौराहा पहुंचकर ढाबा चलते हैं। रात्रि में ही सारी व्यवस्थाएं अगले दिन की पूरी करने के उपरांत करीब रात्रि में 3 बजे सोते हैं इसके बाद सुबह 6 बजे उठकर पुनः इस दंडवत यात्रा में शामिल होते हैं। दीपक द्वारा किए जा रहे कार्य आज के युवाओं के लिए एक मिसाल है। कुरवाई बायपास पर संस्था ने किया भव्य स्वागत -सिरोंज कुरवाई बायपास पर रविवार शाम को समाजसेवी संस्था सर्वधर्म जनकल्याण समाज सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने दंडवत यात्रियों एवं अन्य पैदल यात्रियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। साथ ही यात्रियों को चाय, नाश्ता एवं फल वितरण कर अन्य व्यवस्थाएं की। समिति संयोजक विक्रम रघुवंशी ने बताया कि हमारे द्वारा देवपुर जा रहे हैं यात्रियों अल्पाहार सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं कराई जा रही है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि सनातनी हिंदू धर्म ध्वज फहराने के लिए इतनी कठिन परिक्रमा इतनी सरल भाव से कर रहे हैं इसमें हमारे द्वारा की जा रही व्यवस्थाएं तो ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। स्वागत करने वालों में शिवराज रघुवंशी, प्रमोद रघुवंशी, चंद्रमोहन शर्मा, राम रघुवंशी, देवी सिंह सहित बड़ी संख्या में अन्य लोग मौजूद रहे।