Sudarshan Today
मध्य प्रदेश

किसान हमारे भगवान हैं, इनकी सेवा करना ईश्वर भक्ति के बराबर है- राजस्व मंत्री श्री वर्मा

चंद्रेश जोशी सुदर्शन टुडे रायसेन

राजस्व महाअभियान में रायसेन जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर, राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने की कलेक्टर की सराहना राजस्व मंत्री की अध्यक्षता में रायसेन में राजस्व महाअभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न

रायसेन, 03 फरवरी 2024

किसान हमारे अन्नदाता हैं, भगवान हैं। हमारी किसानों, आमजन के प्रति जबावदेही है। इनकी सेवा करना ईश्वर की भक्ति के बराबर है। इन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना ना पड़े। इसी उद्देश्य से प्रदेश में राजस्व महाअभियान चलाया जा रहा है। सभी राजस्व अधिकारी सकारात्मक सोच एवं सेवाभाव के साथ राजस्व संबंधी प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण करें, जिससे आमजन की विभाग के प्रति, आपके प्रति विश्वास और सम्मान बढ़े। यह विचार राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व महाअभियान की समीक्षा बैठक में व्यक्त किए। बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन तथा श्री राकेश शर्मा भी उपस्थित रहे।राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने बैठक में तहसीलवार अविवादित और विवादित नामांतरण, बंटवारा, पारिवारिक बंटवारा, सीमांकन, हकत्याग आदि के लंबित प्रकरणों तथा इनके निराकरण हेतु अपनाई जा रही प्रक्रिया की तहसीलदारों, एसडीएम से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि किसानों, आमजनों को राजस्व संबंधी विभिन्न प्रकरणों के निराकरण संबंधी नियमों, प्रक्रियाओं की भी जानकारी से अवगत कराएं। इसी प्रकार सीमांकन प्रकरणों का निराकरण सभी पक्षों की उपस्थिति में किया जाए, जिससे कि आगे विवाद की स्थिति निर्मित ना हो। बैठक में राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि वे ग्रामीण क्षेत्रों का सतत् भ्रमण करें। जनप्रतिनिधियों के दौरे के समय भी राजस्व अधिकारी मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि किसानों, आमजन के साथ सद्व्यवहार करें। कहीं से भी अभद्र व्यवहार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। अच्छा कार्य करने वाले शासकीय सेवकों का सम्मान होगा और लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध कार्यवाही भी की जाएगी।

 

राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने की कलेक्टर सहित राजस्व अमले की सराहना

 

बैठक में राजस्व मंत्री द्वारा जिले में राजस्व महाअभियान के क्रियान्वयन तथा कार्यप्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए समीक्षा की गई। राजस्व मंत्री को कलेक्टर श्री अरविंद दुबे ने अवगत कराया कि 15 जनवरी से 29 फरवरी तक चलाए जा रहे राजस्व महाअभियान में रायसेन जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। इस पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कलेक्टर श्री दुबे की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में राजस्व अमले द्वारा बेहतर काम किया जा रहा है। उन्होंने राजस्व अधिकारियों तथा मैदानी अमले की भी सराहना करते हुए कहा कि सभी पूरी लगन, निष्ठा के साथ राजस्व विभाग की योजनाओं, सेवाओं को किसानों और आमजन के पास सुगमता से पहुंचाने के लिए कार्य करें।

 

बैठक में कलेक्टर श्री दुबे ने राजस्व महाअभियान के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले में बी-1 वाचन का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसी प्रकार प्रदेश में समग्र ई-केवायसी लेंड लिंकिंग रिपोर्ट में जिले का तीसरा स्थान है। राजस्व महाअभियान अंतर्गत समस्त मद यथा अभिलेख दुरूस्ती, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन में भी रायसेन जिला अभी तीसरे स्थान पर है। जिले में कुल 2464 प्रकरणों में से 2000 प्रकरण निराकृत हो गए हैं। शेष प्रकरणों में भी कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में अभिलेख दुरूस्ती मद में जिले की 6वी रैंक है।

 

बैठक में कलेक्टर श्री दुबे ने बताया कि प्रदेश में नामांतरण मद में जिला पांचवे स्थान पर है। जिले में 1476 प्रकरणों में से 1248 प्रकरण निराकृत हो गए हैं तथा शेष 228 प्रकरणों की भी निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। इसी प्रकार प्रदेश में बंटवारा मद में जिला चौथे स्थान पर है। बंटवारा मद में कुल 476 प्रकरणों में से 407 निराकृत हो गए हैं। शेष 69 में निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। जिले में 162319 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा 161479 किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ मिल रहा हैं। बैठक में जिले में राजस्व वसूली की स्थिति तथा सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही से भी अवगत कराया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर श्री अभिषेक दुबे सहित सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार और राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

बारिश में गिरा एक हिस्सा लालपुर स्कूल का जर्जर भवन

Ravi Sahu

विधायक कार्यालय का हुआ शुभारंभ।

Ravi Sahu

कमिश्नर ने किया स्मार्ट सिटी चंदिया के कार्यां का किया निरीक्षण

Ravi Sahu

कड़लालद में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 20 दिसम्बर से

Ravi Sahu

शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार जी से की मुलाकात

Ravi Sahu

महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रितु जैन की अनोखी पहल

asmitakushwaha

Leave a Comment