बदनावर। धार जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने मणीपुर में महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्म व मारपीट तथा देश भर में महिलाओं पर बढ़ रहे अत्याचारों के विरोध में केंद्र की भाजपा सरकार की विफलता को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में पटवारी कविता पाटीदार को दिया गया। ज्ञापन में बताया कि देश के कोने कोने से दिनोंदिन महिलाओं को अपमानित कर व बलात्कार करने की घटनाएं बढ़ रही है। यह घटनाएं देश को शर्मसार कर देने वाली है। देश की डबल इंजन सरकार का ढोंग रचने वाली भाजपा में जरा भी गेरत बाकी नहीं है। मणीपुर की घटनाओं ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। 27 जुलाई को सतना जिले के मेहर में 11 साल की बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई। मणीपुर व मप्र की भाजपा सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाए।ज्ञापन देते समय महिलाओं ने जमकर नारेबाजी भी की। मोदी सरकार व प्रदेश सरकार मुुर्दाबाद के नारे लगाए गए। इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजेता त्रिवेदी, कांग्रेस नेत्री प्रभा गौतम, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील सांखला, बद्रीलाल पाटीदार, घनश्यामसिंह, युवा नेता जयवर्धनसिंह गौतम, देवपालसिह जादव, बालकृष्ण पाटीदार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं महिलाएं मौजूद थी। ज्ञापन का वाचन श्याम अग्निहोत्री ने किया। जानकारी महेश पाटीदार ने दी।
previous post