लोहरदगा: झारखंड में साजिश के तहत तत्कालीन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला सचिव अनिल उरांव के निर्देशन में लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड के तिसिया में न्याय मार्च निकाला गया। जिसकी अगुवाई किस्को प्रखंड अध्यक्ष साकिर हुसैन अंसारी ने की। न्याय मार्च के दौरान हाथों में पार्टी झंडा लेकर जमकर नारेबाजी की गई औऱ हेमन्त सोरेन के साथ हुए अन्याय से लोगों को अवगत कराया गया। मौके पर किस्को प्रखण्ड अध्यक्ष साकिर ने कहा कि झारखंड के लोकप्रिय युवा नेता हेमंत सोरेन की गिरफ्त से बाहर आने तक हम जिले के हर पंचायत स्तर पर न्याय मार्च निकालेंगे। न्याय मार्च में झारखंड सरकार की नीतियों का प्रचार-प्रसार करते हुए आदिवासी, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ईडी की गिरफ्त से बाहर लाने के लिए जन समर्थन प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को केंद्र की सरकार द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसी का दुरुपयोग करते हुए बेवजह प्रताड़ित कर रही है। मुख्य वजह भारतीय जनता पार्टी की गलत नीतियों के सामने पूर्व मुख्यमंत्री का न झुकना, उसका विरोध करना एवं प्रदेश के चहुंमुखी विकास के एजेंडे को लागू करने का ईमानदार प्रयास भारतीय जनता पार्टी को नहीं पच रहा है। यही नहीं देश के अन्य प्रदेशों में भी जहां भारतीय जनता पार्टी या भाजपा समर्थित पार्टियों की सरकार नहीं है, वहां विधायकों की खरीद-फरोख्त ईडी, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आदि केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर तमाम हथकंडे अपना कर डरा धमका कर चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने एवं गिरने का प्रपंच कर रही है। मौके पर बुधु उराँव, आनन्द बैठा, मारवाड़ी उरांव, बलदेव उराँव, रंथु मुंडा, मोहन लोहरा, रतिया उरांव, चंपा उराँव, ललिता देवी, समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।