भोपाल क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 495 ग्राम चरस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, क्राइम ब्रांच को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित टीआईटी मैदान के खंडहर के पास दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं और उनके पास चरस मौजूद है, जिसे वे बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की पहचान शेख आरिफ (44), निवासी कोठी बाजार थाना क्षेत्र, जिला बैतूल, तथा राजा मियां (51), निवासी फरहत अफजा, ऐशबाग के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से 495 ग्राम चरस बरामद की गई। क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








